देहरादून: देहरादून में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को विभाग की टीम ने बालावाला और मियांवाला क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया, जहां कई अनियमितताएं सामने आईं। इस दौरान पांच किलो अनहाइजेनिक पनीर और 10 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक मौके पर ही नष्ट कराई गई।
Food Safety Department Raids Dairies and Stores in Dehradun
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त और जिलाधिकारी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मनीष सयाना और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रमेश सिंह की टीम शामिल रही। टीम ने क्षेत्र की कई डेयरी और खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर गुणवत्ता और साफ-सफाई की जांच की।
बिना लाइसेंस चल रही थीं डेयरियां
निरीक्षण के दौरान आशीष डेयरी और किसान डेयरी बिना वैध खाद्य लाइसेंस के संचालित होती पाई गईं। विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी करते हुए निर्देश दिए कि वैध लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही कारोबार संचालित किया जाए। अधिकारियों ने साफ कहा कि बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार करना नियमों का उल्लंघन है और भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बालावाला स्थित पाल डेयरी में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। निरीक्षण के दौरान डेयरी परिसर में गंदगी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। इसके बाद विभाग ने डेयरी संचालक को सुधार नोटिस जारी किया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो आगे कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकायत मिलने के बाद जीएमएस रोड स्थित एक ऑनलाइन डिलीवरी स्टोर का भी निरीक्षण किया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर बूंदी लड्डू और धनिया पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही स्टोर संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश देते हुए सुधार नोटिस जारी किया गया। कार्रवाई के दौरान विभागीय टीम ने पांच किलो अनहाइजेनिक पनीर और 10 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक को मौके पर ही नष्ट कराया। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा।
विभाग ने दी सख्त चेतावनी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग लगातार बाजार, डेयरियों और ऑनलाइन स्टोर्स की निगरानी कर रहा है ताकि लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंच सके।