उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Roadways to Launch WhatsApp Bus Ticket Booking Service

उत्तराखंड: रोडवेज बस टिकट के लिए नहीं होगी भागदौड़, WhatsApp से मिनटों में होगी बुकिंग

रोडवेज यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी। अब WhatsApp के जरिए बस टिकट बुक करने की सुविधा शुरू होने जा रही है। QR Code से भुगतान कर मिनटों में E-Ticket मिलेगा। जानें पूरी प्रक्रिया और नई सुविधा की पूरी जानकारी।

WhatsApp Roadways Ticket Booking: Uttarakhand Roadways to Launch WhatsApp Bus Ticket Booking Service
Image: Uttarakhand Roadways to Launch WhatsApp Bus Ticket Booking Service (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में परिवहन निगम की बसों में प्रतिदिन औसतन 90 हजार यात्री यात्रा करते हैं। फिलहाल यात्रियों के पास टिकट प्राप्त करने के दो विकल्प हैं। पहला ऑनलाइन टिकट बुकिंग और दूसरा बस में यात्रा के दौरान कंडक्टर से टिकट लेना। अब परिवहन निगम डिजिटल सेवाओं का विस्तार करते हुए तीसरा और अधिक सुविधाजनक विकल्प जोड़ने जा रहा है।

Uttarakhand Roadways to Launch WhatsApp Bus Ticket Booking Service

उत्तराखंड परिवहन निगम की योजना के अनुसार एक आधिकारिक WhatsApp नंबर जारी किया जाएगा। इस नंबर पर संदेश भेजते ही यात्रियों के सामने यात्रा संबंधी जानकारी भरने का विकल्प उपलब्ध होगा। यात्री को अपनी यात्रा का विवरण दर्ज करने के बाद किराया भुगतान के लिए QR Code मिलेगा। QR Code स्कैन कर ऑनलाइन भुगतान पूरा करने के बाद संबंधित यात्री के WhatsApp पर QR आधारित ई-टिकट भेज दिया जाएगा।
नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को मिलने वाले QR आधारित ई-टिकट को बस में मौजूद कंडक्टर अपने हैंडहेल्ड डिवाइस से स्कैन करेगा। स्कैन करते ही टिकट से जुड़ी पूरी जानकारी उसके डिवाइस पर दिखाई देगी, जिससे टिकट सत्यापन की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी हो जाएगी।

फिलहाल ऑनलाइन बुकिंग वाली बसों में मिलेगी सुविधा

परिवहन निगम के अनुसार यह सुविधा शुरुआती चरण में केवल उन्हीं रोडवेज बसों में उपलब्ध होगी, जहां पहले से ऑनलाइन टिकट बुकिंग की व्यवस्था मौजूद है। भविष्य में इसे अन्य सेवाओं तक भी विस्तार दिया जा सकता है।

एनआईसी के सहयोग से तैयार हो रही व्यवस्था

रोडवेज महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह के अनुसार इस नई सेवा को शुरू करने के लिए एनआईसी (NIC) के साथ तकनीकी स्तर पर बातचीत की जा चुकी है। साथ ही टिकटिंग सिस्टम में आने वाली सर्वर संबंधी तकनीकी समस्याओं को भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है ताकि यात्रियों को निर्बाध सेवा मिल सके।

परिवहन मंत्री के निर्देश के बाद तेज हुई तैयारी

हाल ही में परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को यात्रियों को बेहतर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नए प्रयास करने के निर्देश दिए थे। इसी दिशा में WhatsApp आधारित टिकट बुकिंग प्रणाली को जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके लागू होने के बाद यात्रियों को टिकट लेने के लिए लंबी कतारों या अतिरिक्त प्रक्रियाओं से राहत मिलने की उम्मीद है।