बागेश्वर: उत्तराखंड में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। राजकीय इंटर कॉलेज भटकोला के प्रधानाचार्य की शनिवार सुबह स्कूल जाते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
Principal Stabbed to Death on Way to School in Uttarakhand
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह विद्यालय का ही एक बाबू पहले से रास्ते में चाकू लेकर घात लगाए बैठा था। जैसे ही प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55 वर्ष) वहां पहुंचे, उसने उन पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा को परिजन और स्थानीय लोग तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
घटना की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। प्रधानाचार्य की मौत की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में शिक्षकों, परिचितों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शिक्षक समाज ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं और उसकी तलाश जारी है।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक स्तर पर सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और अन्य तथ्यों का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा।