उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 19 July 2026

Uttarakhand Weather Update: अगले 48 घंटे मूसलाधार बारिश का खतरा, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी

उत्तराखंड में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। देहरादून में जलभराव और मसूरी मार्ग पर भूस्खलन के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 48 घंटे भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 19 July 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 19 July 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और लगातार हो रही बारिश से पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए कई जिलों में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Uttarakhand Weather Update 19 July 2026

शनिवार को सुबह से ही देहरादून में बादल छाए रहे और दोपहर बाद करीब तीन घंटे तक लगातार तेज बारिश हुई। भारी वर्षा के कारण शहर के कई प्रमुख मार्ग, चौक और निचले इलाके जलमग्न हो गए। सड़कों पर पानी भरने से पैदल यात्रियों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में जलभराव के कारण यातायात भी प्रभावित रहा। बारिश के चलते देहरादून–मसूरी मार्ग पर गलोगी धार के पास पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर सड़क पर आ गिरे। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। बाद में प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाया, जिसके बाद मार्ग पर यातायात सामान्य किया गया।

मौसम का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आज रविवार 19 जुलाई को भी उत्तराखंड के अधिकतर जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। आज नैनीताल, चंपावत और ऊधमसिंह नगर जिलों के लिए भारी से अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश, जलभराव, भूस्खलन और नदियों-नालों के उफान पर आने की आशंका जताई गई है।
वहीं देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तेज बारिश, आकाशीय बिजली और अत्यधिक वर्षा के दौर पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और चमोली जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में भी बारिश और स्थानीय स्तर पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

सोमवार को भी नहीं मिलेगी राहत

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। देहरादून, हरिद्वार और टिहरी जिलों के लिए फिर से रेड अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।

विभिन्न शहरों का तापमान

बीते शनिवार को राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 17.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नई टिहरी में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें। पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य लें तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशों का पालन करें।