उत्तराखंड बागेश्वरBageshwar School Principal Murder Case Update

बागेश्वर शिक्षक हत्याकांड: प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की हत्या के पीछे क्या था राज? जांच में सामने आई वजह

बागेश्वर में भटखोला राजकीय इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की स्कूल जाते समय चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने विभागीय रंजिश और वेतन विवाद के एंगल पर जांच करते हुए आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।

Bageshwar Murder Case: Bageshwar School Principal Murder Case Update
Image: Bageshwar School Principal Murder Case Update (Source: Social Media)

बागेश्वर: उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह हुए शिक्षक हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। भटखोला राजकीय इंटर कॉलेज के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की घर से स्कूल जाते समय कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में विभागीय रंजिश और वेतन विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Bageshwar School Principal Murder Case Update

जानकारी के अनुसार, दयानंद टम्टा शनिवार सुबह अपने घर सैंज से रोज की तरह स्कूल के लिए निकले थे। घर से कुछ ही दूरी पर उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके। घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक की पत्नी अनीता देवी भी शिक्षिका हैं और राजकीय जूनियर हाईस्कूल अमसरकोट में कार्यरत हैं। परिवार में एक बेटी, जिसने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा उत्तीर्ण की है, और एक बेटा है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वेतन विवाद और विभागीय रंजिश की जांच

पुलिस और शिक्षा विभाग की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नवल किशोर सोराड़ी, जो वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद पर कार्यरत था, का फरवरी माह से वेतन रुका हुआ था। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) आशाराम के अनुसार, आरोपी का दो वर्ष पहले जीआईसी बदियाकोट से भटखोला तबादला हुआ था। इसी वर्ष फरवरी में उसने बीईओ कार्यालय में कथित रूप से एक अन्य प्रशासनिक अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार किया था। इस अनुशासनहीनता के बाद बीईओ कार्यालय ने प्रभारी प्रधानाचार्य को आरोपी का वेतन रोकने के निर्देश दिए थे।

घटना से पहले दी थी धमकी

जांच में यह भी सामने आया है कि घटना से एक दिन पहले आरोपी ने बीईओ से मुलाकात की थी। उसे लिखित प्रत्यावेदन देने की सलाह दी गई थी। आरोप है कि बाद में उसने बीईओ को फोन कर कार्यालय में आकर मारपीट करने की धमकी भी दी थी। पुलिस इन सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद

घटना के बाद झिरौली पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य जांच एजेंसियों ने मौके का निरीक्षण किया और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया। शिक्षक गोकुल चंद्र की शिकायत के आधार पर थाना झिरौली में मुकदमा दर्ज किया गया। सीओ मनीष शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी नवल किशोर सोराड़ी को करालागांव यात्री शेड से गिरफ्तार कर लिया।

शिक्षा विभाग ने भेजी निलंबन की संस्तुति

मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार ने मामले की रिपोर्ट माध्यमिक एवं प्रारंभिक शिक्षा निदेशक, देहरादून को भेज दी है। आरोपी के खिलाफ गंभीर आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद शिक्षा विभाग ने उसके निलंबन की संस्तुति भी भेज दी है। विभाग का कहना है कि अनुशासनहीनता और गंभीर आरोपों के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।