देहरादून: उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर फिलहाल कुछ कमजोर पड़ा है, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बौछारों का सिलसिला जारी है। खासकर कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में झमाझम बारिश देखने को मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। आज देहरादून, नैनीताल समेत नौ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
Uttarakhand Weather Update 22 August 2026
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आज उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के दौर आने की संभावना है। भारी बारिश को लेकर देहरादून, पौड़ी, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।
कुमाऊं में झमाझम बारिश, हल्द्वानी में 58 मिमी वर्षा
पिछले 24 घंटों के दौरान कुमाऊं मंडल के कई क्षेत्रों में जोरदार बारिश हुई। हल्द्वानी में सबसे अधिक 58 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। कुमाऊं के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण मौसम ठंडा बना हुआ है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
वहीं, बारिश के कारण पहाड़ी मार्गों पर भूस्खलन और मलबा आने का खतरा भी बना हुआ है।
देहरादून में धूप-बादलों की आंख-मिचौली
देहरादून में शुक्रवार को सुबह से ही मौसम बदलता रहा। कभी धूप खिली तो कभी आसमान में बादल छाए रहे। शाम होते-होते शहर में घने बादल छा गए और देर रात तक तेज बारिश की संभावना बनी रही। गढ़वाल मंडल के पर्वतीय इलाकों में भी कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई। हालांकि, मैदानी क्षेत्रों में धूप निकलने के कारण तापमान में कुछ बढ़ोतरी दर्ज की गई।
अगले कुछ दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर पूरी तरह थमने वाला नहीं है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि अन्य क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास अनावश्यक आवाजाही से बचना सुरक्षित रहेगा।