उत्तराखंड उत्तरकाशीPickup Falls Into Gorge in Mori 1 Dead and 11 Injured

उत्तराखंड: भारी बारिश बनी चुनौती, जांगड़ा मेले से लौट रहा पिकअप खाई में गिरा.. 1 की मौत और 11 घायल

उत्तरकाशी के मोरी में जांगड़ा मेले से लौट रहा 12 लोगों से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं।

Mori Pickup Accident: Pickup Falls Into Gorge in Mori 1 Dead and 11 Injured
Image: Pickup Falls Into Gorge in Mori 1 Dead and 11 Injured (Source: Social Media)

उत्तरकाशी: जनपद उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में मंगलवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। फतेहपर्वत पट्टी के खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच जांगड़ा मेले से लौट रहा एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में कुल 12 लोग सवार बताए गए हैं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत की सूचना है, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

Pickup Falls Into Gorge in Mori, 1 Dead and 11 Injured

जानकारी के अनुसार, हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण जांगड़ा मेले में शामिल होने के लिए खन्यासणी गांव गए थे। मंगलवार शाम करीब 5 बजे वापस लौटते समय खन्यासणी-पुजेली के पास उनका कैंपर/पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वाहन सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ग्रामीणों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत-बचाव शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया। बताया गया कि करीब शाम 7 बजे घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। घायलों में मस्तू (45), अरविंद सिंह (23), रमेश सिंह (40), राधा (28), साइकिलू (35), शिशपाल (32), जगमोहन (50) और माघी देवी (33) के नाम सामने आए हैं। इनमें अधिकांश घायल हड़वाड़ी और पुजेली गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

तीन घायलों और मृतक की पहचान नहीं

हादसे में घायल तीन लोगों और मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। प्रशासन की टीम उनकी पहचान की प्रक्रिया में जुटी हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद मोरी से पुलिस और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

भारी बारिश और नेटवर्क बाधित होने से रेस्क्यू में दिक्कत

क्षेत्र में उस समय मूसलाधार बारिश हो रही थी। इसके साथ ही दूरसंचार व्यवस्था बाधित होने के कारण हादसे की सूचना प्रशासन तक पहुंचने में भी देरी हुई। खराब मौसम और संचार व्यवस्था की समस्या के चलते सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन में भी टीमों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।

सड़क की बदहाल हालत पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की सड़क पहले से ही बदहाल स्थिति में है। बारिश के दौरान सड़क पर आवागमन और अधिक जोखिमभरा हो जाता है। ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति में सुधार की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को कम किया जा सके।

पुलिस-SDRF और राजस्व विभाग का संयुक्त सर्च ऑपरेशन

आपदा प्रबंधन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार, मोरी पुलिस, SDRF और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम घटनास्थल पर सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। वहीं, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। फिलहाल प्राथमिकता घायलों को उपचार उपलब्ध कराने और घटनास्थल पर सर्च ऑपरेशन पूरा करने की है।