उत्तराखंड रुद्रप्रयागFive Trekkers Missing on Kedarnath-Basukital Route

रुद्रप्रयाग: हाई हिमालय में पांच ट्रैकर्स लापता, केदारनाथ-बासुकीताल रूट पर रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

रुद्रप्रयाग में केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक पर गए पांच सदस्यीय दल से संपर्क टूट गया है। खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हेलिकॉप्टर से सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा, जबकि SDRF, NDRF और वन विभाग की टीमें जमीन पर तलाश में जुटी हैं।

Kedarnath Basukital Trek: Five Trekkers Missing on Kedarnath-Basukital Route
Image: Five Trekkers Missing on Kedarnath-Basukital Route (Source: Social Media)

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक रूट पर गए पांच सदस्यीय ट्रैकिंग दल से संपर्क टूटने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। दल के सदस्यों की योजना ऑडिन कोल होते हुए गंगोत्री जाने की थी। परिजनों की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू कर दी है। फिलहाल खराब मौसम के कारण उच्च हिमालयी क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान में चुनौतियां सामने आ रही हैं।

Five Trekkers Missing on Kedarnath-Basukital Route

लापता ट्रैकर्स में शामिल प्रवेश चौहान के भाई यशवंत सिंह चौहान ने जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC), रुद्रप्रयाग को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रवेश चौहान 25 सितंबर को चार अन्य साथियों के साथ केदारनाथ-बासुकीताल ट्रैक के लिए निकले थे। दल को ऑडिन कोल के रास्ते गंगोत्री पहुंचना था। इसके बाद संपर्क टूटने पर परिजनों ने प्रशासन को सूचना दी।

इन पांच लोगों से टूटा संपर्क

अमित फर्सवाण — 40वीं वाहिनी PAC, हरिद्वार
नवीन रावत — 40वीं वाहिनी PAC, रुद्रप्रयाग
प्रवेश चौहान — फोरेस्टर, उत्तरकाशी
विवेक — निवासी जग्गी बगवान
संजय सिंह रावत — पशुपालन विभाग, केदारनाथ

NDRF, SDRF और वन विभाग ने संभाला सर्च ऑपरेशन

सूचना मिलने के बाद जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस नियंत्रण कक्ष और वन्यजीव प्रभाग गोपेश्वर को जानकारी दी। साथ ही 40वीं वाहिनी PAC से भी समन्वय किया गया। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून के निर्देश पर NDRF, SDRF और वन विभाग की टीमें ट्रैक रूट पर खोजबीन में जुटी हैं। जमीनी स्तर पर टीमें लगातार संभावित स्थानों पर तलाश कर रही हैं।

खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर सर्च रुका

जिलाधिकारी के निर्देश पर यूकाडा के सहयोग से हेलिकॉप्टर के जरिए भी सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। हालांकि, उच्च हिमालयी क्षेत्र में खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण हेलिकॉप्टर से तलाश फिलहाल स्थगित करनी पड़ी। प्रशासन के अनुसार मौसम अनुकूल होने पर दोबारा हवाई सर्च ऑपरेशन चलाया जाएगा। वहीं, जमीन पर रेस्क्यू टीमें लगातार अभियान जारी रखे हुए हैं।

मौसम बना बड़ी चुनौती

केदारनाथ-बासुकीताल और ऑडिन कोल क्षेत्र उच्च हिमालयी इलाके में आते हैं। इस समय खराब मौसम के कारण वहां दृश्यता प्रभावित हो रही है, जिससे हवाई सर्च अभियान में परेशानी आ रही है। फिलहाल प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों का पूरा ध्यान पांचों ट्रैकर्स का पता लगाने पर है। उनकी लोकेशन और स्थिति के बारे में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।