उत्तराखंड हरिद्वारUttarakhand Gets Three New Train Services

उत्तराखंड में बढ़ी रेल कनेक्टिविटी, हरिद्वार को 3 नई रेल सेवाओं की सौगात

उत्तराखंड में रेल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने हरिद्वार के लिए तीन नई रेल सेवाओं को मंजूरी दी है। इनमें बांद्रा टर्मिनस-गरीब रथ का हरिद्वार तक विस्तार और दो नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।

asasas: Uttarakhand Gets Three New Train Services
Image: Uttarakhand Gets Three New Train Services (Source: Social Media)

हरिद्वार: रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। केंद्र सरकार ने प्रदेश में रेल कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। रेलवे मंत्रालय ने हरिद्वार के लिए तीन नई रेल सेवाओं को मंजूरी दी है। इससे उत्तराखंड को देश के अलग-अलग हिस्सों से जोड़ने वाली रेल सेवाओं का विस्तार होगा। इस फैसले के तहत बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा हरिद्वार से दो नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को भी मंजूरी मिली है।

Uttarakhand Gets Three New Train Services

रेलवे मंत्रालय की मंजूरी के बाद अब हरिद्वार-वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार-ओखा एसी एक्सप्रेस के संचालन का रास्ता साफ हो गया है। इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने से हरिद्वार की गुजरात और पश्चिमी भारत के प्रमुख क्षेत्रों से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। वहीं, बांद्रा टर्मिनस-नई दिल्ली क्षेत्र से आने-जाने वाले यात्रियों को भी इस विस्तार का लाभ मिलेगा। गरीब रथ के हरिद्वार तक पहुंचने से यात्रियों को दिल्ली और मुंबई क्षेत्र से हरिद्वार आने-जाने के लिए एक और महत्वपूर्ण रेल विकल्प मिलेगा।

रेल मंत्री ने मुख्यमंत्री को दी जानकारी

रेल सेवाओं से जुड़े इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के माध्यम से दी है। रेल सेवाओं के विस्तार की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को मिलेगा फायदा

हरिद्वार देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है और उत्तराखंड आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए यह एक प्रमुख प्रवेश द्वार है। नई रेल सेवाओं से तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ-साथ व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से उत्तराखंड के धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ ही राज्य की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिल सकती है।

उत्तराखंड की कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की अहम भूमिका है। केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में लगातार रेल सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। तीन नई रेल सेवाओं की मंजूरी को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खासतौर पर हरिद्वार की देश के अन्य प्रमुख शहरों से सीधी रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने से यात्रियों को आने वाले समय में बेहतर परिवहन विकल्प मिल सकते हैं।