देहरादून: उत्तराखंड में अक्टूबर के दौरान मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मानसून की विदाई के बावजूद प्रदेश के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी है। कई स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं।
Uttarakhand Weather Update 10 October 2026
मौसम विभाग के अनुसार आज 10 अक्टूबर को उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग ने आज 9 जिलों देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमक सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार
मौसम में बदलाव के चलते प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फ गिरने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है। ऐसे में ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ने की सलाह दी जाती है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
पश्चिमी विक्षोभ और नमी से बदला मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, समुद्री क्षेत्रों से आने वाली नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तराखंड में बारिश और बादल बनने की परिस्थितियां बनी हुई हैं। इन मौसमी प्रणालियों के कारण कम समय में तेज बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम वैज्ञानिक रोहित थपलियाल के अनुसार, अक्टूबर में मानसून की विदाई का अर्थ यह नहीं है कि बारिश पूरी तरह बंद हो जाएगी। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और पर्याप्त नमी मिलने पर प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है।
तापमान में गिरावट से बढ़ी ठंड
पिछले 24 घंटों के दौरान मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया। वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा। लगातार बारिश और तापमान में गिरावट के कारण लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। मौसम के इस बदलाव का असर दिन और रात, दोनों के तापमान पर दिखाई दे रहा है।
देहरादून में कैसा रहेगा मौसम?
देहरादून में शनिवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। दोपहर बाद या शाम के समय गरज वाले बादल विकसित हो सकते हैं और हल्की बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, शहर का अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। इससे पहले शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा।