देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की साजिश रचने जैसे आरोप शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, मंत्री की शिकायत के आधार पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले में एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
Rekha Arya Files FIR Against Husband Over Serious Allegations
शिकायत के मुताबिक, रेखा आर्य का विवाह वर्ष 2004 में बरेली निवासी गिरधारी लाल साहू से हुआ था। मंत्री ने आरोप लगाया है कि विवाह के समय साहू ने अपनी पहली शादी की जानकारी उनसे छिपाई थी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि उनकी पहली शादी से बच्चे हैं। रेखा आर्य के अनुसार, उन्हें इस बारे में जानकारी बाद में मिली। उस समय तक उनके भी बच्चे हो चुके थे, इसलिए उन्होंने सामाजिक परिस्थितियों के चलते चुप रहना उचित समझा।
जातिगत टिप्पणी और मारपीट के आरोप
मंत्री ने शिकायत में आरोप लगाया है कि पिछले कुछ समय से उनके पति का व्यवहार बदल गया था। उन्होंने साहू के दूसरी महिलाओं से संबंध होने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, इस मुद्दे पर आपत्ति जताने के बाद विवाद बढ़ा और उनके साथ मारपीट तथा गाली-गलौज की गई। रेखा आर्य ने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और कई बार उनके सरकारी आवास पर आकर आपत्तिजनक व्यवहार किया।
फर्जी हस्ताक्षर कर पद से हटाने का आरोप
शिकायत में जालसाजी का आरोप लगाते हुए मंत्री ने कहा है कि उनके पति ने कथित तौर पर दस्तावेजों पर उनके फर्जी हस्ताक्षर किए और उन्हें कंपनी के निदेशक पद से हटा दिया। रेखा आर्य के मुताबिक, उन्होंने न तो संबंधित दस्तावेज तैयार किए और न ही पद से इस्तीफा दिया था। पुलिस अब इन आरोपों से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच करेगी।
ऑडियो के आधार पर जान से मारने की साजिश का आरोप
मंत्री ने पुलिस को बताया कि उन्हें हाल ही में एक ऑडियो मिला है। आरोप है कि इसमें गिरधारी लाल साहू एक महिला से बातचीत कर रहे हैं और दोनों मिलकर उन्हें जान से मारने की साजिश रच रहे हैं।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
एसपी सिटी शेखर चंद सुयाल के अनुसार, रेखा आर्य की शिकायत पर जालसाजी, जातिगत प्रताड़ना, जान से मारने की साजिश, मारपीट और एससी-एसटी एक्ट से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों पर जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।