देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए वन विभाग से जुड़ी अहम खबर है। प्रदेश में वन आरक्षी के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। वन विभाग ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को वन आरक्षी संवर्ग के रिक्त पदों का वर्गवार ब्योरा उपलब्ध कराया है। विभाग की ओर से कुल 189 पदों पर भर्ती का अधियाचन भेजने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इनमें अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान शामिल करने के बाद 171 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव है।
Uttarakhand Forest Guard Recruitment: 171 Posts Proposed
वन विभाग में समूह ग के उन पदों पर भर्ती की तैयारी की जा रही है, जो उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की परिधि से बाहर हैं। इन पदों पर चयन की जिम्मेदारी उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग को दी गई है। इसी क्रम में मुख्य वन संरक्षक मानव संसाधन विकास पीके पात्रो ने आयोग के सचिव को पत्र भेजकर वन आरक्षी संवर्ग में रिक्त पदों की जानकारी दी है। विभाग ने वर्गवार रिक्तियों और कार्यरत कर्मचारियों का विवरण साझा करते हुए भर्ती के लिए अधियाचन भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है।
वन आरक्षी के 223 पद रिक्त, 189 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव
विभागीय जानकारी के अनुसार, वन आरक्षी संवर्ग में वर्तमान रिकॉर्ड के मुताबिक 2,885 पद स्वीकृत दर्शाए गए हैं। इनमें से 2,662 पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 223 पद रिक्त बताए गए हैं। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
इन रिक्तियों में से 189 पदों को भर्ती के लिए प्रस्तावित किया गया है। विभाग की ओर से उपलब्ध कराए गए वर्गवार विवरण में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग में कार्यरत कर्मचारियों की संख्या संबंधित दर्शाई गई स्वीकृत पदों से अधिक बताई गई है। ऐसे में इन श्रेणियों में फिलहाल भर्ती के लिए रिक्त पद प्रस्तावित नहीं किए गए हैं।
अग्निवीरों को मिलेगा 10 प्रतिशत आरक्षण
वन आरक्षी भर्ती के प्रस्ताव में अग्निवीरों के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी शामिल किया गया है। विभागीय पत्र के अनुसार, 189 प्रस्तावित पदों में अग्निवीर आरक्षण के तहत पद सुरक्षित रखने के बाद 171 पदों पर भर्ती का प्रस्ताव है। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के 17 और अनारक्षित श्रेणी के 154 पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण रोस्टर और संबंधित सेवा नियमावलियों का पालन किया जाएगा।
सेवा नियमावली के अनुसार आगे बढ़ेगी भर्ती प्रक्रिया
वन विभाग ने भर्ती प्रक्रिया को उत्तराखंड अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2016 और उसके संशोधित प्रावधानों सहित संबंधित सेवा नियमों के अनुसार आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। अब उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के स्तर पर प्रस्तावित रिक्तियों और आरक्षण रोस्टर की समीक्षा के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जानी है। मुख्य वन संरक्षक मानव संसाधन विकास पीके पात्रो ने बताया कि विभाग रिक्त पदों पर भर्ती के लिए प्रयास कर रहा है। फिलहाल आयोग को रिक्त पदों और मौजूदा कर्मचारियों की रोस्टर के आधार पर जानकारी उपलब्ध कराई गई है। हालांकि, अभी भर्ती का अंतिम विज्ञापन जारी नहीं हुआ है। ऐसे में आवेदन की तारीख, शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया से जुड़ी आधिकारिक जानकारी आयोग की अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।