उत्तराखंड देहरादूनWho will be next cm of uttarakhand

उत्तराखंड का अगला सीएम कौन, लिस्ट में ये नाम शामिल

सीएम तीरथ सिंह रावत ने इस्तीफा दे दिया, अब सत्तारूढ़ बीजेपी को एक बार फिर नए मुख्यमंत्री का चुनाव करना है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि अगले 8 महीनों के लिए यह कांटों भरा ताज किस के सिर सजेगा।

Uttarakhand cm: Who will be next cm of uttarakhand
Image: Who will be next cm of uttarakhand (Source: Social Media)

देहरादून: मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। 4 महीने पहले जिस जगह पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत थे, अब वहां पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत खड़े हैं। बीते 10 मार्च को तीरथ ने बतौर मुख्यमंत्री शपथ ली थी और दो जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनका कार्यकाल महज 114 दिन का रहा। तीरथ सिंह रावत ने संवैधानिक संकट के चलते इस्तीफा देने की बात कही है। अब सत्तारूढ़ बीजेपी को एक बार फिर नए मुख्यमंत्री का चुनाव करना है। हर किसी के मन में यही सवाल है कि अगले 8 महीनों के लिए यह कांटों भरा ताज किसके सिर सजेगा। शनिवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक होनी है। जिसमें नए मुख्यमंत्री का नाम तय किया जाएगा। मुख्यमंत्री पद के लिए राजनीतिक गलियारों में विधायकों के बीच से चार संभावित नाम चर्चा में हैं।

ये भी पढ़ें:

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड रोडवेज में जल्द दिखेगा बड़ा बदलाव, CNG में बदलेंगी 500 बसें..जानिए वजह
इनमें कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धन सिंह रावत के अलावा कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, विधायक पुष्कर सिंह धामी और ऋतु खंडूड़ी भूषण के नाम प्रमुख हैं। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज गढ़वाल संसदीय सीट से लोकसभा में प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, और मुख्यमंत्री पद के मजबूत दावेदार हैं। इसी तरह पांच बार लगातार विधायक रहे बिशन सिंह चुफाल वर्तमान तीरथ सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं। सरल, मृदुभाषी और मिलनसार छवि वाले चुफाल बीजेपी संगठन में कई पदों पर कार्य कर चुके हैं। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत की बात करें तो वो पिछली बार भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में थे। वह छात्र जीवन से ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय रहे। उन्हें चुनावी कौशल में दक्ष माना जाता है।

ये भी पढ़ें:

यह भी पढ़ें - उत्तराखंड से इस वक़्त की सबसे बड़ी खबर, TSR-2 ने दिया इस्तीफा
बीजेपी विधायक ऋतु खंडूड़ी पहली बार साल 2017 में विधायक बनीं, वो पूर्व सीएम भुवन चंद्र खंडूड़ी की पुत्री हैं। वर्तमान में बीजेपी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। विधायक पुष्कर सिंह धामी का नाम भी चर्चा में है, वो ऊधमसिंहनगर जिले की खटीमा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। धामी भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी में अन्य पदों पर कार्य कर चुके हैं। ये तो हुई उन नामों की बात, जिनके मुख्यमंत्री बनने की चर्चा है, हालांकि ये भी हो सकता है कि बीजेपी इस बार भी किसी नए चेहरे को सीएम बनाकर एक बार फिर सरप्राइज दे दे। क्योंकि पूर्व सीएम त्रिवेंद्र के वक्त भी कई नामों को लेकर इसी तरह हवाएं उड़ी थीं। पार्टी केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी, सांसद अजय भट्ट व अजय टम्टा के नामों पर भी विचार कर सकती है।