उत्तराखंड पौड़ी गढ़वालLeopard attacked the youth in Pauri Garhwal

गढ़वाल: जंगल गए युवक को गुलदार ने मार डाला, अधखाई लाश मिलने से हड़कंप

28 साल का पृथ्वी रोज की तरह मवेशी चराने जंगल गया था। शाम को उसके मवेशी घर लौट आए, लेकिन पृथ्वी नहीं आया। बाद में युवक की अधखाई लाश जंगल में पड़ी मिली।

Leopard Pauri Garhwal: Leopard attacked the youth in Pauri Garhwal
Image: Leopard attacked the youth in Pauri Garhwal (Source: Social Media)

पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जिले में नरभक्षी गुलदार दहशत का सबब बने हुए हैं। यहां गुलदार के हमले में लोगों की मौत के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा मामला द्वारीखाल प्रखंड का है। जहां बागी गांव में रहने वाले एक युवक को गुलदार ने अपना निवाला बना लिया। घटना के बाद से गांव के लोग बुरी तरह डरे हुए हैं। मरने वाले युवक का नाम पृथ्वी चंद पुत्र यशवंत सिंह है। 28 साल का पृथ्वी चंद ग्रामसभा किनसुर के राजस्व ग्राम बागी में अपने परिवार संग रहता था। गुरुवार को वो हर दिन की तरह मवेशियों को चराने के लिए जंगल गया था। शाम को वहां से लौटते वक्त घात लगाए गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। इधर जब युवक घर नहीं लौटा तो ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रात को उसका शव जंगल में पड़ा मिला। जिसके बाद ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस को सूचना दी।

ये भी पढ़ें:

यह भी पढ़ें - रुद्रप्रयाग: चोपता घूमने आए पर्यटकों ने कार से दो लोगों को कुचला..मौके पर ही मौत
शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों की मांग पर गढ़वाल वन प्रभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए घटनास्थल पर पिंजरा लगाया है। मृतक के परिजनों ने बताया कि पृथ्वी गुरुवार को हर रोज की तरह मवेशियों को चुगाने जंगल गया था। शाम को मवेशी घर लौट आए, लेकिन पृथ्वी नहीं लौटा। रात करीब दस बजे उसका अधखाया शव ग्राम छौतुड़ की सरहद में मर्तोली तोक के पास झाड़ियों में मिला। बता दें कि गढ़वाल क्षेत्र में बीते 22 दिनों में गुलदार के हमले में 3 लोग जान गंवा चुके हैं। 10 जून को चौबट्टाखाल में गुलदार के हमले में गोदांबरी देवी की मौत हो गई थी। 22 जून को बीरोंखाल में रहने वाला दिनेश गुलदार का शिकार बन गया। अब द्वारीखाल में गुलदार ने 28 साल के युवक की जान ले ली। घटना के बाद से गांववाले दहशत में हैं।