देहरादून: उत्तराखंड के विकासनगर क्षेत्र में आज सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हिमाचल प्रदेश की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया।
Himachal Roadways bus accident in Vikasnagar, Dehradun
जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा साहिब जा रही Himachal Pradesh Road Transport Corporation की बस हरिपुर–कोटी–मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। अब तक मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक इस दर्दनाक दुर्घटना में दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई है। बस में 30 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। State Disaster Response Force की टीम कठिन परिस्थितियों में खाई में उतरकर यात्रियों को बाहर निकालने में जुटी है। स्थानीय लोग भी राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा: थाना प्रभारी
कालसी थाना प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया कि “घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया जा रहा है। SDRF और पुलिस की टीमें लगातार रेस्क्यू में जुटी हुई हैं।” इस हादसे पर पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर लिखा कि—“कालसी क्षेत्र में हिमाचल ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की बस दुर्घटना की अत्यंत दुखद सूचना मिली है। मैंने जिलाधिकारी से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
हाई अलर्ट पर मेडिकल सेंटर्स
प्रशासन ने हादसे के बाद आस-पास के सभी मेडिकल सेंटर्स को हाई अलर्ट पर रखा है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आवश्यकता पड़ने पर एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा संस्थानों में भर्ती कराने की भी तैयारी की गई है। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा, बसों की तकनीकी जांच और ड्राइवरों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस रेस्क्यू और इलाज पर है, जबकि हादसे के कारणों की जांच बाद में की जाएगी।