देहरादून: देहरादून में एक प्रॉपर्टी डीलर को डेटिंग एप पर युवती से दोस्ती करना भारी पड़ गया। युवती ने निवेश और फॉरेक्स ट्रेडिंग में मोटे मुनाफे का झांसा देकर प्रॉपर्टी डीलर से 76 लाख 90 हजार रुपये की साइबर ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर रायपुर थाना क्षेत्र में मामला दर्ज कर साइबर क्राइम पुलिस जांच में जुट गई है।
property dealer was defrauded Rs 76.90 lakh in cyber scam
पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर की शिकायत के अनुसार 3 नवंबर 2025 को उनकी मुलाकात एक डेटिंग एप के जरिए एक युवती से हुई थी। युवती ने अपना नाम अंकित सिंह और खुद को देहरादून निवासी बताया। कुछ दिनों की चैटिंग के बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप नंबर साझा हो गया।
8 दिसंबर 2025 को युवती ने पीड़ित को बताया कि वह अपने बिजनेस के साथ-साथ फॉरेक्स ट्रेडिंग (विदेशी मुद्रा व्यापार) भी करती है। युवती ने फॉरेक्स ट्रेडिंग के फायदे बताते हुए कम समय में अधिक मुनाफे का लालच दिया।
9 दिसंबर 2025 को युवती ने एक फॉरेक्स ट्रेडिंग अकाउंट बनवाया, जिसमें पीड़ित ने पैसे डालना शुरू कर दिया। शुरुआत में पीड़ित ने 90 हजार रुपये निवेश किए। इसके बाद युवती लगातार अधिक रकम जमा कराने का दबाव बनाती रही। ट्रेडिंग प्रोफाइल पर पीड़ित को जमा राशि और मुनाफा दिखाया जाता रहा, जिससे उसका भरोसा और बढ़ गया।
टैक्स और चार्ज के नाम पर वसूली
22 दिसंबर 2025 को जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की इच्छा जताई, तो उससे 2 लाख 12 हजार रुपये और जमा कराए गए। इसके बाद भी जब रकम नहीं मिली तो 28 जनवरी 2026 को पीड़ित को बताया गया कि ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर 30 प्रतिशत इनकम टैक्स एडवांस के रूप में अतिरिक्त राशि जमा करनी होगी। इस तरह पीड़ित कुल 76 लाख 90 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर चुका था। पीड़ित का आरोप है कि रकम निकालने के नाम पर उससे 22 लाख रुपये और जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा था। तब जाकर उसे एहसास हुआ कि उसके साथ साइबर ठगी की जा रही है।
साइबर क्राइम पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एएसपी कुश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही जिन खातों में रकम ट्रांसफर की गई है, उनकी डिटेल और ट्रांजैक्शन की जांच की जा रही है।