उत्तराखंड हरिद्वार15-year-old boy was brutally murdered in Haridwar

हरिद्वार: कनखल में 15 वर्षीय किशोर की नृशंस हत्या, दक्ष मंदिर के पीछे मिला खून से सना शव

हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में दक्ष मंदिर के पीछे 15 वर्षीय किशोर कुनाल का खून से लथपथ शव मिला। किशोर शनिवार शाम से लापता था और उसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान हैं।

Haridwar murder Case: 15-year-old boy was brutally murdered in Haridwar
Image: 15-year-old boy was brutally murdered in Haridwar (Source: Social Media)

हरिद्वार: हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। प्रसिद्ध दक्ष मंदिर के पीछे झाड़ियों में 15 वर्षीय किशोर कुनाल का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि किशोर की पत्थर से सिर कूचकर बेरहमी से हत्या की गई है।

15-year-old boy was brutally murdered in Haridwar

पुलिस के अनुसार, मृतक किशोर कुनाल, मूल रूप से रायघटी, लक्सर का निवासी था। उसका परिवार वर्तमान में हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। कुनाल सिंहद्वार क्षेत्र के पास कढ़ी-चावल की ठेली पर काम करता था। परिजनों ने बताया कि कुनाल शनिवार शाम से लापता था और काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

मोबाइल फोन भी गायब, हत्या की आशंका गहराई

रविवार देर शाम जब स्थानीय लोगों ने दक्ष मंदिर के पीछे झाड़ियों में शव देखा, तो पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि कुनाल का मोबाइल फोन घटनास्थल से गायब है। सिर और शरीर पर गहरी चोटों के निशान इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि हत्या पूरी योजना के तहत की गई।

एसएसपी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की। हत्या के खुलासे के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने झाड़ियों और आसपास के इलाके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है, जिसमें पुरानी रंजिश, मोबाइल लूट, आपसी विवाद और कामकाज से जुड़े कारण भी शामिल हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने का दावा किया जा रहा है।