देहरादून: जनपद नैनीताल में पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते ट्रैफिक दबाव और भीषण जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है।
Weekend Traffic Plan Issued for Nainital to Ease Tourist Rush
नैनीताल पुलिस प्रशासन ने मुख्य रूप से कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र के लिए विशेष यातायात एवं डायवर्जन प्लान तैयार किया है। पर्यटन सीजन में बढ़ती भीड़ को देखते हुए बनाया गया यह प्लान विशेष रूप से वीकेंड (शनिवार और रविवार) के दौरान लागू रहेगा, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन व्यवस्था
पूरे पर्यटन सीजन के हर वीकेंड के दौरान अल्मोड़ा और रानीखेत की ओर से हल्द्वानी जाने वाले भारी वाहनों को क्वारब और खैरना से डायवर्ट किया जाएगा। इन वाहनों को रामगढ़ और मुक्तेश्वर के रास्ते हल्द्वानी भेजा जाएगा, जिससे मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
वहीं, हल्द्वानी से पर्वतीय क्षेत्रों की ओर जाने वाले आवश्यक सेवा से जुड़े भारी वाहन अपने निर्धारित मार्ग से जा सकेंगे। अन्य भारी वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार भवाली मस्जिद तिराहा से पहले रोका जा सकता है या उन्हें वैकल्पिक मार्गों—रामगढ़ और खुटानी मोटर मार्ग—से भेजा जाएगा। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
पर्यटकों के लिए पार्किंग और शटल सेवा की व्यवस्था
बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले पर्यटक यदि अपने निजी वाहनों से भीमताल होते हुए कैंची धाम मंदिर जाना चाहते हैं, तो उनके वाहनों को भीमताल विकास भवन पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। यहां से पर्यटकों को स्थानीय शटल सेवा के माध्यम से भवाली और कैंची धाम तक पहुंचाया जाएगा।
इसी तरह, जो पर्यटक गेठिया या नैनीताल मार्ग से कैंची धाम की ओर जाएंगे, उनके वाहनों को भवाली सैनेटोरियम पार्किंग में रोका जाएगा। वहां से भी शटल सेवा के जरिए मंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था की गई है।
जाम से राहत के लिए उठाया गया अहम कदम
यह पूरा ट्रैफिक प्लान कैंची धाम क्षेत्र में बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के उद्देश्य से लागू किया गया है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस व्यवस्था से न केवल ट्रैफिक सुचारू रहेगा, बल्कि पर्यटकों का यात्रा अनुभव भी बेहतर होगा।
पुलिस अधिकारियों ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान की जानकारी अवश्य लें। इससे अनावश्यक जाम से बचा जा सकेगा और यात्रा सुगम हो पाएगी।