रुद्रप्रयाग: विश्व प्रसिद्ध तुंगनाथ धाम में इन दिनों भगवान तुंगनाथ के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। तृतीय केदार के रूप में पूजित तुंगनाथ धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं सुचारू दर्शन व्यवस्था के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
Chandrashila trek suspended amid weather alert
पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में केवल कतारबद्ध होकर ही प्रवेश करें और दर्शन करने के बाद अनावश्यक रूप से परिसर में न रुकें। प्रशासन का कहना है कि इससे भीड़ नियंत्रण में मदद मिलेगी और सभी श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन का अवसर मिल सकेगा। रुद्रप्रयाग पुलिस ने कहा है कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। मंदिर परिसर और मार्गों पर पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। अधिकारियों ने सभी श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
चंद्रशिला ट्रेक अस्थायी रूप से बंद
इस बीच मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में भारी बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली के साथ तेज गर्जना की चेतावनी जारी किए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन चंद्रशिला ट्रेक को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने जानकारी दी कि शनिवार दोपहर 12 बजे से चंद्रशिला ट्रेक मार्ग को पूरी तरह से ट्रेकर्स और पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। यह निर्णय यात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम की स्थिति सामान्य होने तक ट्रेक मार्ग बंद रहेगा। साथ ही आपदा प्रबंधन, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी चेतावनियों को गंभीरता से लें और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचें।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी लोगों से पुलिस और स्थानीय प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि तुंगनाथ धाम में दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।