देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिलेगा। जहां पहाड़ों में बारिश, ओलावृष्टि और गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी, वहीं मैदानी जिलों में तेज धूप और शुष्क मौसम लोगों को गर्मी का अहसास कराएगा।
Uttarakhand Weather Update 17 June 2026
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 17 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। वहीं बाकी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और आसपास के मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है। लगातार धूप निकलने से इन क्षेत्रों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
आगामी 18 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश। मैदानी जिलों में मौसम साफ रहेगा। उसके बाद 19 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कई स्थानों पर बारिश। देहरादून, टिहरी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना। वहीं 19 से 21 जून तक पर्वतीय क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए तेज अंधड़, बिजली चमकने और बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों और चारधाम यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें: