उत्तराखंड देहरादूनFake Priest Accused of Taking 2 Lakh Through Fear and Superstition

उत्तराखंड: 65 तोला सोना हड़पने के आरोपों के बीच नया खुलासा, 'काला जादू हटाने' के नाम पर ऐंठे 2 लाख

देहरादून में राहुल थापा पर काला जादू और बुरे साये का डर दिखाकर महिला से 2 लाख रुपये ठगने का आरोप लगा है। इससे पहले भी उसके खिलाफ करोड़ों के गहने और लाखों की ठगी के मामले सामने आ चुके हैं।

Rahul Thapa Fraud Case: Fake Priest Accused of Taking  2 Lakh Through Fear and Superstition
Image: Fake Priest Accused of Taking 2 Lakh Through Fear and Superstition (Source: Social Media)

देहरादून: स्वयं को मंदिर का महंत और पुजारी बताने वाले राहुल थापा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उसके खिलाफ ठगी और लोगों की धार्मिक आस्था का फायदा उठाकर धन ऐंठने के लगातार आरोप सामने आ रहे हैं। अब प्रेमनगर की एक महिला ने काला जादू और बुरे साये का डर दिखाकर विशेष पूजा-पाठ के नाम पर 2 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। इससे पहले भी उस पर करोड़ों के गहने हड़पने और एक पूर्व सैनिक से लाखों रुपये की ठगी के आरोप लग चुके हैं।

Fake Priest Accused of Taking ₹2 Lakh Through Fear and Superstition

प्रेमनगर निवासी सीमा तलवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि राहुल थापा स्वयं को सेलाकुई स्थित वैष्णो देवी मंदिर का पुजारी बताता है और लोगों को अंधविश्वास तथा झूठे भय में फंसाकर पैसे वसूलता है।
महिला के अनुसार राहुल थापा ने उनके परिवार को बताया कि घर पर काला जादू, बुरी शक्तियों और नकारात्मक ऊर्जा का प्रभाव है। उसने दावा किया कि यदि तुरंत विशेष हवन और धार्मिक अनुष्ठान नहीं कराए गए तो परिवार किसी बड़े संकट का सामना कर सकता है। परिवार को भयभीत कर उसने विशेष पूजा कराने के लिए राजी कर लिया।

पूजा-पाठ के नाम पर लिए 2 लाख रुपये

शिकायत के अनुसार राहुल थापा ने पूजा सामग्री, विशेष अनुष्ठान और हवन के नाम पर कुल दो लाख रुपये नकद लिए। महिला का कहना है कि यह रकम 50-50 हजार रुपये के चार अलग-अलग लिफाफों में उसे दी गई थी। 9 जून को उनके घर पर विशेष हवन का आयोजन किया गया, जिसमें राहुल थापा स्वयं मौजूद था। पीड़िता ने आरोप लगाया कि हवन के दौरान राहुल थापा ने विशेष रूप से अपने फोटो और वीडियो बनाने से मना किया था। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

हालांकि उसके व्यवहार पर संदेह होने के कारण महिला की पुत्री वैशाली ने छिपकर कुछ फोटो और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। बाद में सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में राहुल थापा के खिलाफ चल रही खबरें देखने के बाद परिवार को शक हुआ कि वे भी ठगी का शिकार हुए हैं। परिवार ने वीडियो और तस्वीरों के आधार पर राहुल थापा की पहचान की और पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।

एक के बाद एक खुल रहे कथित ठगी के मामले

राहुल थापा के खिलाफ लगातार नए आरोप सामने आ रहे हैं। हाल ही में एक पूर्व सैनिक ने उस पर विशेष पूजा और धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर करीब छह लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया था। इसके अलावा एक अन्य महिला ने राहुल थापा पर करोड़ों रुपये मूल्य के सोने और हीरे के गहने हड़पने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। लगातार बढ़ती शिकायतों को देखते हुए पुलिस विभिन्न आरोपों की जांच कर रही है। जांच एजेंसियों का मानना है कि जैसे-जैसे मामले की पड़ताल आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे और पीड़ित भी सामने आ सकते हैं। धार्मिक आस्था और अंधविश्वास का सहारा लेकर कथित तौर पर लोगों को निशाना बनाने के आरोपों ने इस पूरे मामले को बेहद गंभीर बना दिया है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

पुलिस और सामाजिक संगठनों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झूठे दावों, अंधविश्वास, काला जादू या भय फैलाने वाली बातों में न आएं। किसी भी धार्मिक अनुष्ठान या आर्थिक लेन-देन से पहले पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य करें।