उत्तराखंड रुद्रप्रयागKedarnath Yatra Disrupted Due to Heavy Rain

रुद्रप्रयाग: भारी बारिश से केदारनाथ पैदल मार्ग बाधित, यात्रियों की आवाजाही रोकी गई.. 29 सड़कें बंद

Kedarnath Yatra Update: भारी बारिश के कारण गौरीकुंड के आगे केदारनाथ पैदल मार्ग बंद, यात्रियों की आवाजाही रोकी गई। रुद्रप्रयाग में 29 सड़कें बंद, अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान के करीब पहुंचीं।

Kedarnath Yatra Update: Kedarnath Yatra Disrupted Due to Heavy Rain
Image: Kedarnath Yatra Disrupted Due to Heavy Rain (Source: Social Media)

रुद्रप्रयाग: जनपद रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही भारी बारिश का असर केदारनाथ यात्रा पर साफ दिखाई देने लगा है। बुधवार रात हुई तेज बारिश के कारण गौरीकुंड से आगे केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर मलबा और बड़े पत्थर गिरने से मार्ग बाधित हो गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल यात्रा मार्ग पर आवाजाही रोक दी है। मौके पर वाईएमएफ (YMF) और डीडीआरएफ (DDRF) की टीमें राहत एवं मार्ग खोलने के कार्य में जुटी हुई हैं।

Kedarnath Yatra Disrupted Due to Heavy Rain

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि लगातार बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर दो से तीन स्थानों पर भारी मलबा और पत्थर आ गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों की आवाजाही तत्काल प्रभाव से रोक दी गई है। संबंधित विभागों की टीमें जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं। मौसम सामान्य होते ही मार्ग को दोबारा खोलने का प्रयास किया जाएगा।

अलकनंदा और मंदाकिनी नदी खतरे के निशान के करीब

लगातार बारिश के कारण रुद्रप्रयाग जिले की अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। सुबह 7 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार अलकनंदा नदी का जलस्तर: 626.89 मीटर (चेतावनी स्तर 626 मीटर, खतरे का निशान 627 मीटर) और मंदाकिनी नदी का जलस्तर: 625.90 मीटर (चेतावनी स्तर 625 मीटर, खतरे का निशान 626 मीटर) है। दोनों नदियां खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच चुकी हैं, जिससे प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

24 घंटे में सबसे ज्यादा बारिश जखोली में

पिछले 24 घंटों में जिले में अच्छी बारिश दर्ज की गई है।
जखोली – 54 मिमी
ऊखीमठ – 38.20 मिमी
रुद्रप्रयाग – 4 मिमी
बारिश के चलते पूरे जिले में घना कोहरा और बादल छाए हुए हैं।

राष्ट्रीय राजमार्ग सहित कुल 29 सड़कें बंद

1 राष्ट्रीय राजमार्ग
3 राज्य मार्ग
10 लोक निर्माण विभाग (PWD) सड़कें
13 पीएमजीएसवाई सड़कें
2 एनपीसीसी सड़कें

केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग कई जगहों पर बाधित

केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-107) मुनकटिया और गौरीकुंड के बीच कई स्थानों पर मलबा आने से बाधित है। सोनप्रयाग के पास एक और गौरीकुंड के निकट तीन स्थानों पर मार्ग बंद है। जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का कार्य तेजी से जारी है। मौसम अनुकूल रहने पर मार्ग को जल्द यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।

प्रशासन की अपील

नगर पालिका और नगर पंचायतों की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से अपील की जा रही है कि वे नदी किनारों और बरसाती नालों से दूर रहें तथा अनावश्यक रूप से जोखिम वाले क्षेत्रों में न जाएं। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही यात्रा करने की सलाह दी है।