देहरादून: उत्तराखंड परिवहन निगम ने यात्रियों को राहत देते हुए रोडवेज बसों के किराए में विशेष छूट देने का फैसला किया है। यह सुविधा सोमवार से 30 सितंबर तक लागू रहेगी। निगम का उद्देश्य मानसून के दौरान घटी यात्रियों की संख्या को बढ़ाना और अधिक लोगों को रोडवेज बसों से सफर के लिए प्रोत्साहित करना है।
Uttarakhand Roadways Announces Bus Fare Discount Until September 30
परिवहन निगम के महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह ने बताया कि यदि कोई यात्री आने-जाने (राउंड ट्रिप) का टिकट एक साथ बुक करता है, तो उसे बेस फेयर पर दोनों टिकटों में 10-10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। निगम ने समूह में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए भी आकर्षक छूट की घोषणा की है। यदि छह लोग एक साथ टिकट बुक करते हैं, तो चौथे यात्री को 10% छूट, पांचवें यात्री को 12% छूट और छठे यात्री को 15% छूट मिलेगी। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
इस संबंध में सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों (RM) और सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (ARM) को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मानसून में घटे यात्री, कम हुई आय
उत्तराखंड रोडवेज के अनुसार जून महीने में प्रतिदिन औसतन करीब 1.5 लाख यात्री बसों में सफर कर रहे थे, जिससे निगम को लगभग 2.5 करोड़ रुपये प्रतिदिन की आय हो रही थी। हालांकि मानसून शुरू होने के बाद यात्रियों की संख्या घटकर करीब 90 हजार प्रतिदिन रह गई है, जिससे दैनिक आय भी घटकर लगभग 1.5 करोड़ रुपये रह गई है।
पिछले साल भी लागू हुई थी योजना
परिवहन निगम के अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को आकर्षित करने के लिए किराए में छूट की यह व्यवस्था पिछले वर्ष भी लागू की गई थी। इस बार भी उम्मीद है कि राउंड ट्रिप और ग्रुप बुकिंग पर मिलने वाली छूट से यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।