उत्तराखंड चमोलीKarwa Chauth Rush at Gairsain Assembly

उत्तराखंड: करवाचौथ के चांद की चिंता में गैरसैंण विधानसभा में दिखी जल्दबाजी, सत्र खत्म होते ही खाली हुआ परिसर

गैरसैंण विधानसभा सत्र के दूसरे दिन करवाचौथ के चलते घर लौटने की जल्दबाजी दिखी। सत्र स्थगित होने के एक घंटे के भीतर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर लगभग खाली हो गया।

Gairsain Assembly Session: Karwa Chauth Rush at Gairsain Assembly
Image: Karwa Chauth Rush at Gairsain Assembly (Source: Social Media)

चमोली: उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में दो दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान इस बार करवाचौथ की तैयारियों का असर भी नजर आया। सत्र के दूसरे दिन मंत्री, विधायक, अधिकारी और कर्मचारी जल्द से जल्द घर लौटने की जल्दबाजी में दिखाई दिए। हर किसी को इस बात की उत्सुकता थी कि सदन की कार्यवाही कितने बजे तक चलेगी और वे समय पर घर पहुंचकर करवाचौथ पर अपनी पत्नी को चांद का दीदार करा पाएंगे।

Karwa Chauth Rush at Gairsain Assembly

मंगलवार को विधानसभा सत्र के पहले दिन भराड़ीसैंण में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाड़ियों की कतारें और लोगों की भीड़ नजर आई। विधानसभा परिसर में काफी चहल-पहल थी। लेकिन बुधवार को सत्र के दूसरे दिन माहौल बदला हुआ दिखाई दिया। सड़क से लेकर सदन तक पहले दिन के मुकाबले कम रौनक रही। अधिकारी-कर्मचारियों के बीच सत्र स्थगित होने के समय को लेकर चर्चाएं होती रहीं। हर मिलने वाला यही जानने की कोशिश करता नजर आया कि कार्यवाही कब तक समाप्त होगी। मंत्री-विधायकों से लेकर अधिकारियों और कर्मचारियों तक में जल्द घर पहुंचने की बेचैनी दिखाई दी।

सत्र स्थगित होने से पहले ही लौटने की तैयारी

दोपहर में सत्र स्थगित होने से पहले ही कई अधिकारी और कर्मचारी देहरादून लौटने की तैयारी में जुट गए थे। जैसे ही सदन की कार्यवाही स्थगित हुई, गाड़ियों का काफिला विधानसभा परिसर से बाहर निकलने लगा। सत्र स्थगित होने के करीब एक घंटे के भीतर भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर लगभग खाली हो गया। गाड़ियां तेजी से लौटती दिखाई दीं। सभी की कोशिश थी कि वे समय पर घर पहुंच सकें और करवाचौथ के मौके पर चांद देखने के लिए अपनी पत्नी के साथ मौजूद रहें।

पीछे रह गया विधानसभा परिसर का सन्नाटा

दो दिनों तक राजनीतिक गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की आवाजाही से गुलजार रहा भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर कुछ ही देर में शांत हो गया। मंत्री-विधायकों और अधिकारियों-कर्मचारियों के लौटने के बाद परिसर में फिर वही सन्नाटा छा गया, जो विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद अक्सर देखने को मिलता है। इस तरह गैरसैंण में विधानसभा सत्र के दूसरे दिन राजनीतिक गतिविधियों के साथ करवाचौथ को लेकर घर लौटने की जल्दबाजी भी चर्चा का विषय बनी रही।