उत्तरकाशी: उत्तराखंड के केदारताल ट्रैक पर फंसे आठ ट्रैकर्स की तलाश के दौरान रेस्क्यू टीम को दो लोगों के शव मिले हैं। इनमें एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दो शव मिलने की पुष्टि की है। वहीं, लापता अन्य छह ट्रैकर्स की तलाश के लिए एसडीआरएफ और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (निम) की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम का अभियान जारी है।
Kedartal Trek: Two Bodies Found, Six Trekkers Missing
जानकारी के अनुसार, पांच दिन पहले केदारताल ट्रैक पर कच्ची ढांग के पास आठ ट्रैकर्स फंस गए थे। मौसम साफ होने के बाद मंगलवार को एसडीआरएफ और निम की टीम ने समुद्रतल से करीब चार हजार मीटर की ऊंचाई पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान रेस्क्यू टीम को एक महिला और एक पुरुष का शव बरामद हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों शव लापता ट्रैकर्स के होने की आशंका है। बुधवार को हेलिकॉप्टर के जरिए शवों को हर्षिल हेलीपैड लाने की तैयारी है।
छह अन्य ट्रैकर्स की तलाश में अभियान जारी
दो शव मिलने के बाद हादसे की गंभीरता और बढ़ गई है। हालांकि, रेस्क्यू टीम ने बाकी छह ट्रैकर्स की तलाश बंद नहीं की है। निम और एसडीआरएफ की टीमें बुधवार को भी दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में खोज अभियान जारी रखेंगी। एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बताया कि रेस्क्यू अभियान में जुटी टीम की मदद के लिए बुधवार को एक अतिरिक्त टीम केदारखड़क भेजी जाएगी। यह टीम अपने साथ रसद और अन्य लाइफ सपोर्ट सामग्री लेकर जाएगी, ताकि ऊंचाई पर चल रहे अभियान को जरूरी सहायता मिल सके। फिलहाल रेस्क्यू टीम का पूरा ध्यान लापता छह ट्रैकर्स का पता लगाने पर है।