उत्तराखंड देहरादूनRekha Arya Husband Arrested in Jhansi

उत्तराखंड: धरा गया गिरधारी लाल साहू, मंत्री-पति को 50 अपराधिक मामलों में तलाश रही थी पुलिस

उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को देहरादून पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया है। रेखा आर्या की ओर से 15 अक्टूबर को दर्ज कराई गई FIR के बाद SIT उनकी तलाश कर रही थी।

Rekha Arya Husband Arrested: Rekha Arya Husband Arrested in Jhansi
Image: Rekha Arya Husband Arrested in Jhansi (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। पिछले कई दिनों से पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। साहू के खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली समेत उत्तराखंड में करीब 50 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। गिरफ्तारी के बाद अब देहरादून पुलिस मामले में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई अहम जानकारियां साझा करेगी।

Rekha Arya's Husband Arrested in Jhansi

गिरधारी लाल साहू की तलाश में एसआईटी की टीमें कई दिनों से सक्रिय थीं। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, लेकिन शुरुआत में उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। इस दौरान उनके नेपाल भागने की खबरें भी सामने आई थीं। इसके बाद पुलिस ने नेपाल की संबंधित एजेंसियों से भी संपर्क किया। हालांकि, अब सामने आई जानकारी के मुताबिक पुलिस ने उन्हें उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद देहरादून पुलिस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले से जुड़े अहम तथ्यों का खुलासा किया जाना है।

मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर को दर्ज कराई थी FIR

दरअसल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बीते 15 अक्टूबर को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि गिरधारी लाल साहू पहले से शादीशुदा थे और उन्होंने शादी के समय यह बात छिपाई थी। इसके अलावा मंत्री ने उनके खिलाफ लगातार प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए थे।

कंपनियों से बाहर करने के लिए जाली हस्ताक्षर का आरोप

एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया था कि गिरधारी लाल साहू ने धोखाधड़ी करते हुए रेखा आर्या को अपनी कंपनियों से बाहर कर दिया। इसके लिए उनके जाली हस्ताक्षर किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एसपी देहात जया बलोनी की अध्यक्षता में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया था। एसआईटी ने मामले की जांच के दौरान गिरधारी साहू के कई करीबियों से पूछताछ भी की।

करीब 50 मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही थी SIT

जांच के दौरान पुलिस ने गिरधारी लाल साहू का आपराधिक इतिहास भी खंगाला। इस दौरान जानकारी सामने आई कि उनके खिलाफ उत्तर प्रदेश के बरेली और अन्य जिलों के साथ उत्तराखंड में करीब 50 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। अब झांसी से गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आज पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में हो सकते हैं बड़े खुलासे

गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के बाद अब देहरादून पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सबकी नजरें टिकी हैं। पुलिस गिरफ्तारी के घटनाक्रम, जांच में सामने आए तथ्यों और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर जानकारी साझा कर सकती है।