रुद्रप्रयाग: ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार, 13 नवंबर को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के साथ शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच गई। यहां बाबा केदार को विधि-विधान से विराजमान कराया गया। इसके साथ ही अगले छह महीने की शीतकालीन पूजा-अर्चना शुरू होगी।
Baba Kedarnath’s Doli Arrives at Omkareshwar Temple
भगवान केदारनाथ धाम के कपाट भैयादूज पर 11 नवंबर को सुबह 8:30 बजे शीतकाल के लिए बंद हुए। इससे पहले सुबह 4 बजे से विशेष पूजा-अर्चना हुई। मुख्य पुजारी और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्वयंभू शिवलिंग को समाधि स्वरूप देकर स्थानीय फूलों, ब्रह्मकमल और भस्म से ढका। इसके बाद सेना के बैंड और श्रद्धालुओं के जय श्री केदार के उद्घोष के बीच बाबा की पंचमुखी डोली ऊखीमठ के लिए रवाना हुई। इस पल के साक्षी बनने के लिए पांच हजार से अधिक श्रद्धालु केदारपुरी पहुंचे थे।