देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता हरीश रावत के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। 210 करोड़ रुपये की कथित संपत्ति के आरोप और 'बबली' संबोधन को लेकर रेखा आर्या ने हरीश रावत पर तीखा पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री के राजनीतिक कार्यकाल से जुड़े कई पुराने विवादों का जिक्र किया। साथ ही उन्हें अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने की सलाह देते हुए आगे भी पुरानी पोल खोलने की चेतावनी दी है।
Rekha Arya Hits Back at Harish Rawat
रेखा आर्या ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि उम्र के इस पड़ाव पर हरीश रावत पहाड़ की बेटी का दर्द समझेंगे और उनके दुख में साथ देंगे। उन्होंने कहा कि हरीश रावत भी नाती-पोतों वाले हैं, इसलिए उन्हें एक बेटी की पीड़ा को समझना चाहिए था। लेकिन उन्होंने उनकी तकलीफ को समझने के बजाय 210 करोड़ रुपये की संपत्ति पर ध्यान दिया। मंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि हरीश रावत सत्ता की लालसा और मुख्यमंत्री की कुर्सी पाने की छटपटाहट में यह भूल गए हैं कि वह उनकी विचारधारा और कुनीतियों की विरोधी हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान से प्रार्थना है कि हरीश रावत को कभी ऐसी पीड़ा से न गुजरना पड़े, जिससे वह खुद गुजर रही हैं।
हरीश रावत के पुराने विवादों का किया जिक्र
रेखा आर्या ने अपनी पोस्ट में हरीश रावत के मुख्यमंत्री रहते कार्यकाल से जुड़े कई पुराने राजनीतिक विवादों को उठाया। उन्होंने कथित स्टिंग ऑपरेशन, वर्ष 2016 में कांग्रेस सरकार के अल्पमत में आने और विभागीय नीति बदलने के लिए पैसे मांगने से जुड़े आरोपों का जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने डेनिस शराब की बिक्री, नैनीसार प्रकरण, गंगा किनारे खनन और बंदर व भैंस की बलि जैसे मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने तेल से भरे कनस्तरों से नहाने की घटना का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। रेखा आर्या ने इन पुराने प्रकरणों के जरिए हरीश रावत के राजनीतिक कार्यकाल और कार्यशैली पर सवाल उठाए। हालांकि, ये सभी बातें उनकी ओर से लगाए गए राजनीतिक आरोप और पुराने विवादों के संदर्भ में कही गई हैं। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
दिल्ली में हाईकमान से मुलाकात को लेकर भी कसा तंज
रेखा आर्या ने अपनी पोस्ट में हरीश रावत की कांग्रेस के भीतर राजनीतिक स्थिति को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने दावा किया कि हरीश रावत इन दिनों दिल्ली में पार्टी हाईकमान से मुलाकात का समय मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें समय नहीं मिल रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री की छुट्टी पर जाने और वापस लौटने के बाद स्वागत यात्रा निकालने को लेकर भी तंज कसा। रेखा आर्या ने इसे राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि इसमें भी उनका दांव उल्टा पड़ गया।
'दाज्यू अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें'
रेखा आर्या ने हरीश रावत को संबोधित करते हुए कहा कि वह उनकी उम्र का लिहाज कर रही हैं, इसलिए उन्हें अपनी भाषा पर नियंत्रण रखना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार कुछ भी बोलने से पहले शब्दों का ध्यान रखें। उन्होंने कुमाऊंनी कहावत का जिक्र करते हुए लिखा कि, 'जैकी सुणण वाल कोई नि, उकैं भाषण दिंणक बीमारी ज्यादा हुंछट।' इसका अर्थ है कि जिसकी बात सुनने वाला कोई नहीं होता, उसे भाषण देने की बीमारी ज्यादा होती है।
परिवार की कमाई का हिसाब देने की दी चुनौती
अपनी पोस्ट के आखिर में रेखा आर्या ने हरीश रावत को चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह भ्रष्टाचार और करोड़ों की कमाई पर सवाल उठाते हैं तो पहले उन्हें अपने पूरे परिवार की संपत्ति और कमाई के साधनों का विवरण भी सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरीश रावत को अपने परिवार के सदस्यों की आय और संपत्ति के स्रोतों के बारे में भी जानकारी देनी चाहिए। रेखा आर्या ने चेतावनी दी कि यदि हरीश रावत ने आगे भी इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया तो वह उनके पुराने मामलों और विवादों की पोल खोलने से पीछे नहीं हटेंगी।
कैसे शुरू हुआ रेखा आर्या और हरीश रावत के बीच विवाद?
दरअसल, विवाद की शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की उस सोशल मीडिया पोस्ट से हुई, जिसमें उन्होंने रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू को 'बंटी-बबली' संबोधित किया था। हरीश रावत ने सवाल उठाया था कि यदि 'बबली' के पास 210 करोड़ रुपये की संपत्ति है तो 'बंटी' के पास कितनी संपत्ति होगी। हरीश रावत ने रेखा आर्या की कथित संपत्ति को लेकर सवाल उठाते हुए जांच की मांग भी की थी। इसके बाद रेखा आर्या ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें जवाब दिया। अब दोनों नेताओं के बीच यह विवाद उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।