देहरादून: देहरादून में हुई अनोखी शादी में दूल्हा-दुल्हन ने 7 नहीं 8 फेरे लिए। यही नहीं 8 वचन भी लिए। सात वचनों के बारे में तो आप जानते ही होंगे, लेकिन जो आठवां वचन इन्होंने लिया, उसने इस शादी को यादगार बना दिया। दूल्हे का नाम है महावीर सिंह तोमर और दुल्हन है अंजू। इन दोनों ने सात फेरे लेने से पहले गांव में पौधरोपण किया। इन पौधों को बचाने का संकल्प लिया। साथ ही आठवां फेरा लेते वक्त दोनों ने पर्यावरण की रक्षा का वचन भी दिया। दूल्हा-दुल्हन की इस पहल की हर कोई तारीफ कर रहा है। ये अनोखी शादी उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी में संपन्न हुई। यहां एक जगह है खत फरटाड़, जहां पिनगिरी गांव में महावीर सिंह तोमर रहते हैं। महावीर की शादी समाल्टा गांव में रहने वाली अंजू के साथ तय हुई। दोनों ही पर्यावरण से प्यार करते हैं। इसीलिए उनकी शादी का समारोह भी पर्यावरण संरक्षण को समर्पित रहा। शादी से पहले दूल्हा-दुल्हन ने पौधे रोपे। इसके बाद उन्होंने आठवें वचन के रूप में एक-दूसरे से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। आगे पढ़िए
ये भी पढ़ें:
यह भी पढ़ें - Video: गढ़वाल के नौजवान को दिल्ली में दंगाइयों ने जिंदा जलाया..देखिए वीडियो
शुक्रवार को हुई शादी में निभाई गई अनूठी रस्में क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रहीं। इससे पहले दोपहर में जब बारात दुल्हन के घर पर पहुंची तो बारातियों का स्वागत किया गया। जिसके बाद घर के पास ही बने एक स्थान पर दूल्हा-दुल्हन ने एक साथ पौधरोपण किया। महावीर और अंजू ने संकल्प लिया कि वो विवाह की स्मृति को चिरस्थाई रखने के लिए जीवनभर पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करते रहेंगे। दोनों के परिजनों ने उनके प्रयास को सराहा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए इस प्रकार की पहल सराहनीय है। हम सबको पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए। दूल्हे महावीर तोमर ने कहा कि वो हमेशा से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करते रहे हैं। हमें पावन अवसरों की यादों को ताजा रखने के लिए पौधरोपण करना चाहिए, पर्यावरण को बचाने के लिए कार्य करना चाहिए। ऐसी छोटी-छोटी कोशिशें ही बड़ी सफलता की नींव होती हैं।