देहरादून: उत्तराखंड सरकार कोविड-19 से बचाव के एहतियाती उपायों के साथ अंतरराज्यीय परिवहन सेवाओं को बहाल करने की तैयारी में जुटी है। दूसरे राज्यों के लिए परिवहन सेवाएं शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों को जल्द ही राहत मिल सकती है। एक जुलाई से दूसरे राज्यों के लिए रोडवेज बस सेवा का संचालन शुरू किया जा सकता है। सब कुछ योजना के मुताबिक हुआ तो जल्द ही यूपी, हिमाचल, दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा सहित तमाम राज्यों के लिए उत्तराखंड रोडवेज की बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। गुरुवार को इसे लेकर परिवहन मंत्री यशपाल आर्य ने मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से मुलाकात की। बैठक के बाद परिवहन मंत्री ने बताया कि अगले दो-तीन दिन में उत्तर प्रदेश सरकार परिवहन सेवाओं की मंजूरी को लेकर आदेश जारी करने वाली है। कोरोना की दूसरी लहर के बाद से प्रदेश में अंतरराज्यीय परिवहन सेवाएं ठप पड़ीं है। यूपी, हिमाचल, दिल्ली और राजस्थान जैसे राज्यों ने भी अंतरराज्यीय बस संचालन पर रोक लगाई हुई है, जिस वजह से बसों का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा है। अब कोरोना का कहर कम होने पर दूसरे राज्य धीरे-धीरे कर पाबंदियों में ढील दे रहे हैं। आगे पढ़िए
ये भी पढ़ें:
यह भी पढ़ें - अभी अभी: उत्तराखंड में आज 128 लोग कोरोना पॉजिटिव, 2 मौत..228 लोग स्वस्थ
हिमाचल प्रदेश सरकार ने 1 जुलाई से 50 फीसदी यात्री क्षमता के साथ अंतरराज्यीय बस संचालन शुरू करने का ऐलान किया है। इससे उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों को भी हिमाचल में एंट्री मिलने की राह खुल गई है। निगम ने बस संचालन की तैयारी भी शुरू कर दी है। वहीं बात करें पड़ोसी राज्य यूपी की तो यहां फिलहाल 30 जून तक दूसरे राज्यों की बसों की एंट्री पर रोक लगी है, लेकिन उम्मीद है कि 1 जुलाई से यहां भी अंतरराज्यीय परिवहन सेवाएं शुरू हो जाएंगी। ऐसा हुआ तो यूपी के साथ दिल्ली और अन्य राज्यों के लिए भी बस सेवाएं जल्द शुरू होने की संभावना है। बता दें कि कोरोना मामले बढ़ने पर यूपी और दिल्ली समेत दूसरे राज्यों में बसों का संचालन बंद हो गया था। बसों का संचालन रुकने से निगम करीब 520 करोड़ रुपये के घाटे में है। निगम पर चार महीने का वेतन भी लंबित है। पिछले सवा साल से रोडवेज राज्य सरकार से मिली मदद के आधार पर कर्मचारियों को वेतन दे रहा है। अगर बस संचालन सुचारू होगा तो यात्रियों के साथ ही आर्थिक संकट से जूझ रहे निगम को भी कुछ राहत मिलेगी।