रुद्रप्रयाग: कोई भी मंजिल असंभव नहीं होती, यदि जुनून और दिशा सही हो तो। इस कथन को सही साबित किया पहाड़ के अतुल कुमार ने, जिन्होंने कठिन परेशानियों का सामना करते हुए कड़ी मेहनत के दम पर IIT में पढ़ने के सपने को साकार किया है। अतुल ने अपनी इस उपलब्धी से पूरे उत्तराखंड वासियों को गौरवांवित किया है।
Atul of Rudraprayag got 649th rank in IIT JAM 2025 exam
रुद्रप्रयाग जिले के होनहार युवा अतुल कुमार ने अपनी कड़ी मेहनत के दम पर IIT JAM 2025 परीक्षा में सफलता हासिल की है। अतुल ने इस परीक्षा में ऑल इंडिया 649वीं रैंक हासिल की है। इस परीक्षा को उतीर्ण करने के बाद अब अतुल का एडमिशन देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIT मद्रास में MSc गणित में होने वाला है। आगामी 22 जुलाई से वे IIT मद्रास के स्टूडेंट बन जाएँगे। यहां तक पहुंचने के लिए अतुल के मार्ग में बहुत सी अड़चने आई, लेकिन उन्होंने अपनी पढ़ाई को जारी रखा और लगातार कड़ी मेहनत करते रहे। आखिर अतुल कुमार को उनकी मेहनत का फल मिला और अब देश के प्रतिष्ठित संस्थान में उनको प्रवेश मिलेगा।
पढ़ाई के साथ दोनों भाई चलाते हैं खच्चर
आपको बता दें कि अतुल कुमार उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के एक छोटे से गांव बीरों देवल के मूल निवासी हैं। अतुल एक साधारण परिवार से आते हैं। अतुल के परिवार का लालन-पालन केदारनाथ धाम में घोड़े-खच्चर चलाने से होता हैं। बीते मई और जून महीने में केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान अतुल भी केदारनाथ में अपने खच्चर चला रहे थे। अतुल बताते हैं कि उनके पापा के पैरों में दिक्कत होने के कारण वो और उनके छोटे भाई पढ़ाई के साथ ही खच्चर भी चलाते हैं। उनके छोटे भाई 12वीं की पढ़ाई कर रहे हैं।
10वीं और 12वीं बोर्ड में भी कर चुका है टॉप
अतुल ने अपनी प्राथमिक से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल से पूरी की, अतुल बचपन से ही पढ़ाई में होशियार थे। उन्होंने 10वीं बोर्ड में 94.8% अंक हासिल कर राज्य में 17वां स्थान हासिल किया था। इसके बाद 12वीं में उन्होंने 92.8% अंक कर राज्य में 21वां स्थान हासिल किया था। अतुल ने इंटरमीडिएट के बाद आर्थिक स्थिति के चलते HNB गढ़वाल विश्व विद्यालय श्रीनगर की मेरिट लिस्ट में नाम आने के बावजूद PG कॉलेज अगस्त्यमुनि से बैचलर ऑफ साइंस (BSc) की डिग्री करने का निर्णय लिया। लेकिन बाद में एक प्रोफ़ेसर के मार्गदर्शन में अतुल ने HNB गढ़वाल विश्व विद्यालय श्रीनगर में एडमिशन ले लिया। अतुल ने वर्तमान में विश्वविद्यालय श्रीनगर से BSc अंतिम वर्ष की परीक्षा दी है।