हरिद्वार: जनपद हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र से 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गांव के ही एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
Minor Girl Kidnapped in Haridwar, POCSO Case Filed
परिजनों के अनुसार, किशोरी रात करीब एक बजे अचानक घर से लापता हो गई। तलाश के दौरान पता चला कि गांव का एक युवक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पिता ने आरोप लगाया है कि युवक ने किशोरी को उकसाकर घर में रखी लगभग 20 हजार रुपये की नकदी और चांदी के जेवर भी साथ मंगवा लिए। घटना की सूचना मिलते ही फेरुपुर पुलिस चौकी को अवगत कराया गया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के परिजनों को किशोरी की बरामदगी के निर्देश दिए गए।
पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
लक्सर कोतवाली प्रभारी प्रवीण कोश्यारी ने बताया "महिला की तहरीर पर आरोपित युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।" वहीं पथरी थाना प्रभारी मनोज नौटियाल ने कहा "एक गांव से नाबालिग किशोरी के अपहरण की तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और किशोरी की बरामदगी व आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।"
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने किशोरी की सकुशल बरामदगी के लिए टीम गठित कर दी है और संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। परिवार ने नाबालिग के साथ किसी भी अनहोनी की आशंका जताई है, जिससे परिजन गहरे तनाव में हैं।
ये भी पढ़ें: