उत्तरकाशी: उत्तरकाशी मुख्यालय में देर रात हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। रात के समय अचानक धरती हल्की कांपने से कई लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि भूकंप की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
Earthquake tremors felt in Uttarkashi
जानकारी के अनुसार रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.4 मापी गई। भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिला मुख्यालय से उत्तर-पूर्व दिशा में करीब चार किलोमीटर दूर जमीन से पांच किलोमीटर की गहराई में स्थित था। भूकंप के झटके मुख्यालय और आसपास के कुछ क्षेत्रों में महसूस किए गए। भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग तुरंत अलर्ट मोड पर आ गए। जिला आपदा अधिकारी शार्दुल गुसाई ने बताया कि देर रात जिले में भूकंप के झटके महसूस किए गए, लेकिन फिलहाल कहीं से भी किसी नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन व आपदा कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है। फिलहाल जिले में किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
उत्तरकाशी जिला भूकंप की दृष्टि से बेहद संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। हिमालयी क्षेत्र में लगातार भूगर्भीय हलचल होने के कारण यहां समय-समय पर हल्के भूकंप के झटके महसूस होते रहते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि छोटे भूकंप कई बार धरती के भीतर जमा ऊर्जा को बाहर निकालने का काम करते हैं, लेकिन संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बेहद जरूरी होती है। देर रात आए झटकों के बाद लोगों में भय का माहौल जरूर बना, लेकिन राहत की बात यह रही कि भूकंप बेहद हल्का था और किसी प्रकार की हानि नहीं हुई।