उत्तराखंड रुड़कीArmy Jawan Found Dead in Roorkee Hotel Room

Uttarakhand News: होटल के कमरे में मिली हल्द्वानी के जवान की लाश, रोडवेज बस अड्डे पर ठहरा था

रुड़की में रोडवेज बस अड्डे के पास होटल के कमरे में सेना के जवान कमलदीप सिंह का शव मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस, फोरेंसिक टीम और सेना मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

Army Jawan Death: Army Jawan Found Dead in Roorkee Hotel Room
Image: Army Jawan Found Dead in Roorkee Hotel Room (Source: Social Media)

रुड़की: जनपद हरिद्वार के रुड़की से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित एक होटल के कमरे में भारतीय सेना के जवान का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कई दिनों से होटल में ठहरे जवान के कमरे से कोई गतिविधि न होने पर कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने डुप्लीकेट चाबी से कमरा खुलवाया तो जवान मृत अवस्था में मिला। फिलहाल पुलिस, फोरेंसिक टीम और सेना के अधिकारी मामले की गहन जांच में जुटे हैं। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

Army Jawan Found Dead in Roorkee Hotel Room

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 40 वर्षीय कमलदीप सिंह, निवासी गौरधारा, हल्द्वानी (जनपद नैनीताल) के रूप में हुई है। उनके पास से सेना का पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज बरामद हुए, जिससे उनकी पहचान सुनिश्चित की गई। जानकारी के मुताबिक, कमलदीप सिंह 14 जून से रुड़की रोडवेज बस अड्डे के समीप स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। मंगलवार सुबह जब होटल कर्मचारियों ने देखा कि कमलदीप सिंह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए, तो उन्होंने कई बार दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर कर्मचारियों को संदेह हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल प्रबंधन की सहायता से डुप्लीकेट चाबी के जरिए कमरा खुलवाया। अंदर जवान मृत अवस्था में पड़े मिले, जिसके बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

फोरेंसिक टीम और सेना के अधिकारियों ने जुटाए सबूत

घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक विशेषज्ञों और सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने मृतक के मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल पैटर्न लॉक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। बाद में मोबाइल पर आए एक परिचित के फोन के जरिए परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत की वजह का खुलासा

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। रुड़की के व्यस्त इलाके में सेना के जवान का शव मिलने की घटना से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने तक किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।