देहरादून: राजधानी देहरादून में रातभर हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। लगातार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए और शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। नदी किनारे और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
Heavy Rain Wreaks Havoc in Dehradun, 3 Houses Collapse
कारगी क्षेत्र के चानचक में नदी किनारे स्थित तीन मकान बारिश के कारण ध्वस्त हो गए। मकानों के गिरने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी किनारे रहने वाले लोगों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
चंद्रबनी में सड़कों पर बहा बारिश का पानी
चंद्रबनी क्षेत्र में भारी बारिश के बाद सड़कों पर पानी बहने लगा। कई जगहों पर हालात बाढ़ जैसे हो गए। बारिश का पानी कई घरों में घुसने से लोगों को नुकसान उठाना पड़ा। शहर के अन्य इलाकों में भी जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
कालसी में 116 मिलीमीटर बारिश
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में सबसे अधिक 116 मिलीमीटर बारिश कालसी में दर्ज की गई। इसके अलावा विकासनगर में 68.5 मिलीमीटर, डोईवाला में 49 मिलीमीटर और मसूरी में 12 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड हुई।
चार ग्रामीण मोटर मार्ग बंद
भारी बारिश के कारण जिले में चार ग्रामीण मोटर मार्ग भी बंद हो गए। इनमें निर्माण खंड लोनिवि देहरादून के अंतर्गत लांघा-मटौली मोटर मार्ग का किमी सात भी शामिल है। विभाग के अनुसार इस मार्ग को सुबह करीब 11:30 बजे तक खोलने की संभावना जताई गई थी। अन्य बंद मार्गों को भी संबंधित विभागों की ओर से खोलने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन ने लगातार बारिश को देखते हुए संवेदनशील और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है।