देहरादून: उत्तराखंड में नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और एसटीएफ की मुहिम में अब आम लोग भी अहम भूमिका निभा सकेंगे। सरकार ने नशा तस्करों और अवैध नशीली दवाओं की फैक्ट्रियों के बारे में पुख्ता सूचना देने वालों के लिए इनाम योजना लागू की है। सूचना के आधार पर कार्रवाई होने पर 30 हजार रुपये से लेकर ढाई लाख रुपये तक का इनाम दिया जा सकता है और सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Uttarakhand Offers Rewards for Information on Drug Smugglers
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, नशे की रोकथाम के लिए मुखबिरों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी और बरामदगी की जा रही है। भारत सरकार की इनाम योजना को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने भी इस संबंध में शासनादेश जारी किया है। नशीले पदार्थ की बरामदगी की मात्रा और पदार्थ के आधार पर इनाम की राशि निर्धारित की गई है।
पदार्थ के आधार पर इनाम की राशि
कोकीन -: 2.40 लाख प्रति किग्रा
हेरोइन :- ₹1.20 लाख प्रति किग्रा
मॉर्फीन बेस :- ₹20 हजार प्रति किग्रा
चरस :- ₹10 हजार प्रति किग्रा
अफीम :- ₹6 हजार प्रति किग्रा
गांजा :- ₹600 प्रति किग्रा
एम्फैटेमिन :- ₹20 हजार प्रति किग्रा
कई अवैध फैक्ट्रियों का भंडाफोड़
पुलिस और एसटीएफ ने हाल के दिनों में राज्य के अलग-अलग हिस्सों में नशे की बड़ी खेप के साथ अवैध फैक्ट्रियों का भी खुलासा किया है। पिथौरागढ़, रुड़की, भगवानपुर, सेलाकुई और कोटद्वार में नशीले पदार्थों से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। पिथौरागढ़ में पकड़ी गई एक फैक्ट्री से आसपास के लोगों को तेज गंध आती थी। स्थानीय लोग इसे मुर्गी केंद्र समझते थे, लेकिन जांच में वहां नशीली सामग्री तैयार किए जाने का खुलासा हुआ।
इन संकेतों को नजरअंदाज न करें
एसटीएफ ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों को लेकर सतर्क रहें। खासतौर पर किसी घर, गोदाम या अन्य स्थान से तेज या असामान्य रासायनिक गंध, देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही, बार-बार अज्ञात वाहनों या डिलीवरी का पहुंचना, खिड़कियों का हमेशा बंद रहना या अन्य असामान्य गतिविधियां दिखाई दें तो इसकी सूचना पुलिस या एसटीएफ को दें।
इन नंबरों पर दें सूचना
एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने कहा कि आम लोगों की सतर्कता युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। नशे के खिलाफ अभियान में सहयोग के लिए ये नंबर जारी किए गए हैं—
एसटीएफ: 0135-2656202
मोबाइल: 9412029536
सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।