चम्पावत: उत्तराखंड के चंपावत जिले में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बनलेख क्षेत्र में खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं। एक गंभीर घायल को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।
One dead, three injured in Champawat road accident
हादसे की सूचना मिलते ही चंपावत कोतवाली पुलिस और SDRF की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से खड़ी पहाड़ी से नीचे उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चंपावत पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद चिकित्सकों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
गंभीर घायल को हल्द्वानी रेफर किया गया
हादसे में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
पुलिस और SDRF की त्वरित कार्रवाई के साथ स्थानीय लोगों ने भी रेस्क्यू अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग किया।
DM ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने हादसे के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने एसडीएम चंपावत को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच अधिकारी को दुर्घटना के कारणों, परिस्थितियों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की निष्पक्ष जांच कर 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ने कहा कि सड़क दुर्घटना के कारणों की तथ्यपरक जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील
चंपावत पुलिस ने पहाड़ी मार्गों पर वाहन चालकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने मोड़ों और ढलानों पर गति नियंत्रित रखने तथा खराब मौसम के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और आपात स्थिति में 112 पर संपर्क करने की अपील भी की है।