उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Monsoon Session Likely by Early October

उत्तराखंड: कब और कहां होगा विधानसभा का मानसून सत्र? सामने आया बड़ा अपडेट, गैरसैंण को लेकर भी चर्चा

उत्तराखंड विधानसभा का आगामी मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले आयोजित किया जाएगा। सत्र सितंबर के अंत या अक्टूबर के पहले सप्ताह में होने की संभावना है, हालांकि तारीख और स्थान पर अंतिम फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे।

Uttarakhand Assembly Monsoon Session 2026: Uttarakhand Monsoon Session Likely by Early October
Image: Uttarakhand Monsoon Session Likely by Early October (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने आगामी विधानसभा मानसून सत्र को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार ने तय किया है कि विधानसभा का मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले आयोजित किया जाएगा। हालांकि, सत्र की अंतिम तारीख और स्थान का फैसला मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। मंत्रिमंडल की हालिया बैठक में मानसून सत्र को लेकर चर्चा हुई थी, जिसमें 26 अक्टूबर से पहले सत्र आयोजित करने पर सहमति बनी। अब मुख्यमंत्री की सहमति के बाद सत्र की तारीख और स्थान की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।

Uttarakhand Monsoon Session Likely by Early October

सूत्रों के अनुसार, विधानसभा का मानसून सत्र सितंबर के अंतिम सप्ताह या अक्टूबर के पहले सप्ताह में आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, अभी सरकार की ओर से तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सत्र के स्थान को लेकर भी मंथन चल रहा है। सरकार जिस स्थान पर सभी की सहमति बनेगी, वहीं मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। इस बार मानसून सत्र में अनुपूरक बजट पेश करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए वित्त विभाग ने प्रदेश के सभी विभागों से बजट प्रस्ताव मांगे हैं। विभागों को 18 सितंबर तक अपने प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए हैं। आमतौर पर अनुपूरक बजट को शीतकालीन सत्र में पेश किया जाता है, लेकिन इस बार सरकार मानसून सत्र में ही अनुपूरक बजट लाने की तैयारी कर रही है।

गैरसैंण में सत्र होने की भी संभावना

पिछले वर्ष धामी सरकार ने विधानसभा का मानसून सत्र ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में आयोजित किया था। ऐसे में इस बार भी गैरसैंण में सत्र आयोजित किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी सत्र के स्थान पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सभी पक्षों से सहमति के बाद स्थान तय करेंगे।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले अहम होगा सत्र

उत्तराखंड में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में धामी सरकार के मौजूदा कार्यकाल का यह अंतिम मानसून सत्र होगा। इसलिए इस सत्र को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सत्र के दौरान सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण विधेयक, नीतिगत फैसले और अनुपूरक बजट सदन में रखे जा सकते हैं। वहीं विपक्ष की ओर से भी सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की तैयारी की जा सकती है।

CM धामी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में विधानसभा का मानसून सत्र 26 अक्टूबर से पहले आयोजित किया जाना है और सरकार स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जल्द ही सत्र के स्थान का चयन किया जाएगा और जहां सभी की सहमति होगी, वहीं मानसून सत्र आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सत्र में अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।