चमोली: उत्तराखंड में सितंबर के आखिरी दिनों में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में शनिवार सुबह से बारिश का दौर जारी रहा। वहीं धाम के आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी भी हुई।
Snowfall in Yamunotri and Hemkund Sahib
यमुनोत्री धाम के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में टॉप, सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ और गरुड़ गंगा क्षेत्र में हिमपात की सूचना है। बारिश और बर्फबारी के बाद यमुनोत्री धाम में ठंड बढ़ गई है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का धाम पहुंचना जारी है। यमुना मंदिर के पुजारी गिरीश उनियाल ने बताया कि मौसम में बदलाव के बाद धाम में ठंड का असर बढ़ गया है।
हेमकुंड साहिब में आधा फीट से ज्यादा बर्फ
उधर, चमोली जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्र हेमकुंड साहिब में भी बर्फबारी हुई है। यहां आधा फीट से अधिक बर्फ जमने की जानकारी सामने आई है। बर्फबारी और खराब मौसम को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मौके पर पहुंचे हैं। जवान यात्रियों को सुरक्षित आवाजाही में मदद कर रहे हैं और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है। IMD ने भी 4,000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 25 से 28 सितंबर के दौरान बर्फबारी की संभावना जताई है।