देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस इस वक्त कई तरह की चुनौतियों से जूझ रही है। विधानसभा चुनाव सिर पर हैं, लेकिन भीतरखाने पार्टी में दो धड़े बन गए हैं। चुनाव अभियान को रफ्तार देने का वक्त आया तो नेता प्रतिपक्ष और दिग्गज नेत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश का अचानक निधन हो गया। अब चर्चा है कि प्रदेश कांग्रेस में जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। नेता प्रतिपक्ष के चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन में बड़ा फेरबदल हो सकता है। वर्तमान पीसीसी चीफ और चकराता विधायक प्रीतम सिंह को नेता प्रतिपक्ष बनाए जाने की चर्चा है। प्रीतम सिंह नेता प्रतिपक्ष बने तो कांग्रेस को नया पीसीसी चीफ चुनना होगा, ये जिम्मेदारी कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी को दी जा सकती है। वो नए पीसीसी चीफ हो सकते हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए प्रकाश जोशी के अलावा राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा का नाम भी चर्चा में है। फिलहाल तो ये सिर्फ चर्चाएं हैं।
ये भी पढ़ें:
यह भी पढ़ें - उत्तराखंड: यात्रियों के लिए अच्छी खबर..1 जुलाई से इन राज्यों के लिए शुरू हो सकती है बस सेवा
प्रदेश कांग्रेस में बदलाव की सुगबुगाहट तो है, लेकिन अभी कोई भी बड़ा नेता इस पर खुलकर बोलने को तैयार नहीं है। हर कोई कांग्रेस हाईकमान के आदेश की बात कर रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के दावेदार के तौर पर कुमाऊं मंडल का प्रतिनिधित्व करने वाले कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रकाश जोशी का नाम टॉप पर है। वो राहुल गांधी के करीबी माने जाते हैं, हालांकि प्रकाश जोशी ने इन सभी अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता नेता प्रतिपक्ष के पद को भरना है। नेता प्रतिपक्ष का चयन जल्द कर लिया जाएगा। प्रीतम सिंह को नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने की बात पर उन्होंने कहा कि फिलहाल प्रीतम सिंह प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं और अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहे हैं। संगठन में फेरबदल का काम कांग्रेस हाईकमान का है। हाईकमान का जो भी आदेश होगा, सभी कार्यकर्ता उसे मानेंगे।